सीतापुर जंक्शन पर शनिवार का दिन लोगों के लिए ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार वंदे भारत ट्रेन यहां पहुंची। सुबह 9:51 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर जैसे ही सफेद-नीली हाई-टेक ट्रेन दाखिल हुई, पूरा स्टेशन भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
ट्रेन को देखने के लिए स्टेशन पर भारी भीड़ जुटी थी। ऊपरगामी सेतु और प्लेटफॉर्म पर खड़े लोग मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद करते दिखाई दिए। ट्रेन का स्वागत राज्यमंत्री नगर विकास राकेश राठौर गुरु ने किया। प्लेटफॉर्म पर वंदे मातरम की धुन बजने के साथ माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
ट्रेन के आगमन पर यात्रियों को अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई, जहां लोगों ने कोच, सीटिंग, सुविधाओं और आधुनिक तकनीक से लैस इंटीरियर का निरीक्षण किया। इस दौरान 68 यात्रियों ने वंदे भारत में अपना पहला सफर किया, जिनके लिए विशेष पास जारी किए गए थे और यात्रा पूरी तरह निशुल्क थी।
लखनऊ से प्रधानमंत्री द्वारा झंडी दिखाकर रवाना की गई ट्रेन का सीतापुर पहुंचना लोगों के लिए गर्व और उत्साह का बड़ा कारण बना। कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे, जिनमें से कुछ ने ट्रेन से सफर भी किया।
ट्रेन सिर्फ 3–4 मिनट रुकी, लेकिन इस दौरान लोगों का उत्साह चरम पर रहा।यात्रा के पहले दिन स्टेशन परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
वंदे भारत के संचालन से लोगों ने उम्मीद जताई है कि यात्रा अब पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होगी, जिससे क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: 57 मिनट में सीतापुर से लखनऊ, वंदे भारत की नई सेवा से यात्रियों को बड़ी राहत







