सीतापुर जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। महज 700 रुपये को लेकर हुए झगड़े में चाचा ने अपने ही भतीजे की हत्या कर दी। मामला खैराबाद थाना क्षेत्र के भव्वापुर गांव का है, जहां किसान सम्मान निधि की रकम को लेकर दो भाइयों के बीच झगड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बाबूराम को किसान सम्मान निधि योजना के तहत दो हजार रुपये की राशि मिली थी। उन्होंने अपने दोनों पुत्रों भोला और राजू को 1300 रुपये बराबर हिस्सों में बांटे और शेष 700 रुपये अपने पास रख लिए। इसी बात को लेकर भोला ने अपने पिता से बहस शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर भोला का बेटा मोहित (22) बीच-बचाव के लिए आगे आया। इसी दौरान चाचा राजू ने गुस्से में गड़ासे से मोहित पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान मोहित की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, मोहित का छह माह पहले ही विवाह हुआ था और वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। परिवार के लोगों ने आरोपी राजू के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि मामले में पहले से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धारा जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें चौपट, भारी नुकसान







