Sitapur Ki News: सीतापुर में ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बनी ओम सिटी पर प्रशासन की कार्रवाई

bulldozer action in sitapur
Rate this post

Sitapur Ki News: सीतापुर में महायोजना 2031 के तहत आरक्षित ग्रीन बेल्ट भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर तहसील सदर प्रशासन ने ललियापुर क्षेत्र में ‘ओम सिटी’ के नाम से बसाई जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सीतापुर–लखनऊ हाईवे पर खैराबाद रेलवे स्टेशन के सामने की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह जमीन महायोजना में ग्रीन बेल्ट (पी-1 श्रेणी) के लिए आरक्षित है, जहां किसी भी प्रकार के आवासीय निर्माण या प्लॉटिंग की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद लंबे समय से नियमों को दरकिनार कर कॉलोनी बसाने का कार्य चल रहा था। इस संबंध में मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

तहसीलदार सदर डॉ. अतुल सेन सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में कॉलोनी के मुख्य गेट, प्लॉटिंग और अन्य अस्थायी निर्माणों को गिरा दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, करीब 27 बीघे भूमि में अवैध रूप से ओम सिटी विकसित की जा रही थी, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, बुधवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई फिलहाल लगभग छह बीघे क्षेत्र में ही की गई।

WhatsApp चैनल फ़ॉलो करें

SitapurCity.com की न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं !

कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को भूमि से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। वहीं, ग्रीन बेल्ट की जमीन को धारा-80 के तहत अकृषिक घोषित किए जाने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। प्रशासन का कहना है कि महायोजना में आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

यह भी पढ़ें: सीतापुर में भीषण ठंड और शीतलहर के चलते 26 दिसंबर को कक्षा 8 तक के स्कूल बंद

Share this post!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!