सीतापुर में दिल्ली में हुए धमाके के बाद प्रदेशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में सीतापुर पुलिस ने गुरुवार शाम बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए अभियान चलाया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पटाखों के गोदामों और दुकानों पर सघन चेकिंग की, जिसमें 50 से अधिक प्रतिष्ठानों की तलाशी ली गई।
अभियान का नेतृत्व एएसपी उत्तरी आलोक सिंह, तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला ने किया। टीम ने दुकानों में रखे स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस, भंडारण सीमा और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। कई स्थानों पर सील गत्तों को खुलवाकर अंदर रखे पटाखों व विस्फोटक पदार्थों की भी जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कहीं अवैध रूप से भंडारण तो नहीं किया जा रहा।
अधिकारियों ने बताया कि हालिया धमाके और त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। एएसपी आलोक सिंह ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में किसी भी अवैध विस्फोटक या खतरे की आशंका को समाप्त करना है। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने या निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
टीम ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, सही तरीके से भंडारण करने और लाइसेंस अपडेट रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जिले में सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में मंडी समिति के धर्मकांटे पर तौल बंद मिली, अफसरों को लगाई फटकार







