सीतापुर जिले में मंगलवार तड़के पुलिस और 25 हजार के इनामी लुटेरे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार लुटेरे की पहचान श्रीचंद यादव उर्फ संजय, निवासी राजापुर इसरौली (थानगांव), के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से पुलिस ने तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, 3,480 रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। उस पर सदरपुर थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई लूट में शामिल होने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार रविवार को रुसहन नहर पुल के पास एक व्यक्ति से नकदी और मोबाइल लूटा गया था। वारदात के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी नहर पटरी की ओर भागने की कोशिश में है। इस पर सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में सदरपुर पुलिस और एसओजी टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे मीरनगर और बढ़निया के बीच पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। कुछ दूरी पर कार फिसलकर रुक गई और गोली लगने से आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ महमूदाबाद ने बताया कि आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उस पर लूट, चोरी एवं अवैध हथियार रखने के कई मुकदमे दर्ज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में जवाहरपुर चीनी मिल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण







