सीतापुर जिले के लहरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ओवरलोड और ओवरहाइट ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर लगने के बाद युवक करीब 30 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, नगर के मोहल्ला काजी टोला निवासी 40 वर्षीय सोनू कपूर, पुत्र अशोक कपूर, बुधवार रात बिस्वा तिराहा गेट की ओर से घर लौट रहे थे। रास्ते में ठठेरी टोला के पास सामने से आ रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनू ट्रॉली के पिछले पहिए में फंस गए और कुछ मीटर तक घसीटते चले गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची लहरपुर कोतवाली पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ओवरलोड और ओवरहाइट होने की पुष्टि हुई है।
मृतक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
पुलिस ने बताया कि चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, वाहन मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में जमीन विवाद में बालिका की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार







