सीतापुर में मऊ स्थित हिंद इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में बृहस्पतिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब वेतन कटौती से नाराज़ कर्मचारियों ने एडमिन ब्लॉक का घेराव कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। वार्डकर्मी, आया, स्वीपर, महिला स्टाफ, नर्सिंग कर्मचारी और अन्य विभागों के दर्जनों स्टाफ सुबह से ही अस्पताल परिसर में जमा होकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाज़ी करते रहे।
कर्मचारियों का कहना था कि न तो किसी विभागीय जांच की गई और न ही कोई स्पष्ट कारण बताया गया, फिर भी कई स्टाफ के वेतन में कटौती कर दी गई। इतना ही नहीं, उनकी ड्यूटी टाइमिंग में भी बिना सूचना के बदलाव कर दिया गया, जिससे कर्मियों में आक्रोश और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही अस्पताल के निदेशक डॉ. राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वेतन कटौती को वापस लिया जाएगा और आगे किसी भी बदलाव की जानकारी पहले कर्मचारियों को दी जाएगी। लगभग एक घंटे की वार्ता के बाद कर्मचारी शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया। हालांकि स्टाफ ने चेतावनी दी कि यदि वादे के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
कर्मचारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच वेतन कटौती उनके लिए बड़ा झटका है। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में किसी भी तरह की असहमति को संवाद के माध्यम से हल करने की कोशिश की जाएगी ताकि मरीजों की सेवाएं प्रभावित न हों।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में 50 से अधिक पटाखा दुकानों पर छापा, धमाके बाद पुलिस ने जांच की







