Sitapur Ki News: सीतापुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस वर्ष जिले का अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होने जा रहा है। 21 नवंबर को शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में कुल 500 जरूरतमंद बेटियों का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा। इसमें जिले के 17 विकास खंडों और तीन निकायों की पात्र बेटियाँ शामिल होंगी। आयोजन की भव्यता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन पूरी तैयारी में जुटा है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा लाभार्थियों को विवाह की तिथि और आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही मोबाइल संदेशों के माध्यम से भेज दिए गए हैं। इस वर्ष पहली बार योजना के तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 60,000 रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 25,000 रुपये की सामग्री व उपहार विदाई के समय प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 15,000 रुपये का खर्च मंडप, व्यवस्था और दोनों पक्षों की मेहमाननवाजी पर किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंडप तैयार किया जा रहा है जहाँ वर-वधू पक्ष का पारंपरिक रूप से स्वागत होगा। प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाज कल्याण विभाग की टीम पूरे आयोजन की निगरानी करेगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल यादव ने बताया कि “सामूहिक विवाह कार्यक्रम शासन के निर्देशों के अनुसार पूरी औपचारिकता के साथ आयोजित होगा ताकि प्रत्येक जोड़े को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।”
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
आयोजन के मेन्यू और मेहमाननवाजी को लेकर भी विशेष तैयारियाँ की गई हैं। नाश्ते में केला, समोसा, बर्फी, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक, चाय/कॉफी और शरबत दिया जाएगा। वहीं भोजन में दाल, चावल, रोटी, कचौड़ी, मिक्स वेज, पनीर करी, सलाद, खीर, हलुआ, रसगुल्ला और चाऊमीन शामिल रहेगा। इसके अतिरिक्त दोनों पक्षों को 5 किलो बूंदी लड्डू के पैकेट, साथ ही एक विशेष ड्राई फ्रूट टोकरी (बदाम, अखरोट, मखाने, किशमिश व नारियल सहित) भी दी जाएगी।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मैदान की साफ-सफाई, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, पंडाल सजावट और मंच निर्माण का कार्य तेज गति से चल रहा है। जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार का आयोजन पिछले वर्षों से अधिक व्यवस्थित और आकर्षक होगा।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों में शोक







