Sitapur News: सीतापुर में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान साइबर ठग तेजी से सक्रिय हो गए हैं। ठग खुद को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बनाकर लोगों को फोन कर रहे हैं और वोटर कार्ड अपडेट करने व आधार लिंक कराने के बहाने OTP व APK फाइल डाउनलोड करने को कह रहे हैं।
ऐसा करने पर लोगों के बैंक खातों से हजारों रुपये मिनटों में गायब हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि SIR प्रक्रिया में OTP या APK फाइल की कोई आवश्यकता नहीं होती। इसलिए ऐसे किसी भी कॉल या लिंक से सावधान रहें।
नगर क्षेत्र के मुहल्ला मुंशीगंज निवासी धर्मेंद्र वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें एक संदिग्ध फोन कॉल आया, जिसमें व्यक्ति ने खुद को बीएलओ बताते हुए APK फाइल भेजी। जैसे ही उन्होंने फाइल खोली, मोबाइल बंद हो गया और कुछ देर बाद 65,000 रुपये गायब होने का मैसेज मिल गया।
दूसरी घटना महोली के राजवीर के साथ हुई, जहां OTP पूछकर 15 हजार रुपये खातों से निकाल लिए गए। दोनों मामलों में हेल्पलाइन नंबर 1903 पर शिकायत दर्ज की गई है और साइबर सेल जांच कर रही है।
मिश्रिख निवासी अमित कुमार ने बताया कि उन्हें भी कई कॉल आए लेकिन सावधानी बरतते हुए उन्होंने OTP व कोई जानकारी साझा नहीं की। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी कॉल्स में ठग पहले मोबाइल कंट्रोल हासिल करते हैं और फिर ऑनलाइन बैंकिंग ऐप्स को टारगेट करते हैं। ऐसे मामलों में फौरन साइबर हेल्पलाइन या 112 नंबर पर जानकारी देना जरूरी होता है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि SIR फॉर्म भरने के लिए केवल गणना प्रपत्र दिया जाता है, जिसमें OTP या APK का प्रयोग नहीं होता। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि साइबर ठगों से बचने के लिए सतर्क रहना ही सबसे बड़ा हथियार है। साइबर सेल इन मामलों की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय व्यक्ति की मौत, सुनने में थी दिक्कत







