Sitapur Ki News: सीतापुर में घना कोहरा सड़क हादसों के साथ-साथ बिजली आपूर्ति के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। देर रात लहरपुर-तंबौर मार्ग पर एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई, जिससे मुख्य सप्लाई लाइन टूट गई और तंबौर उपकेंद्र की पूरी आपूर्ति ठप हो गई। घटना के तुरंत बाद हजारों उपभोक्ता अंधेरे में हो गए और ग्रामीण इलाकों में पानी और दैनिक कामकाज पर संकट पैदा हो गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी लादकर कलनापुर की ओर से आ रही थी। सड़क पर कोहरा इतना घना था कि चालक आगे का रास्ता साफ नहीं देख सका और सीधे 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के खंभे से जा टकराया। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दो खंभे टूट गए और उपकेंद्र की सप्लाई अचानक बंद हो गई। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन बिजली बाधित होने से करीब 18 हजार उपभोक्ताओं पर असर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अवर अभियंता आकाश वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि ट्रॉली ओवरलोड थी, जिससे वाहन संभालने में दिक्कत हुई और घने कोहरे के कारण चालक को सामने का खंभा नजर नहीं आया। विभाग ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर भी दे दी है।
बिजली बाधित होने का सबसे ज्यादा असर तंबौर देहात, कस्बा बेहटा, कंहरिया और औद्योगिक फीडर से जुड़े दुकानदारों पर पड़ा। कई व्यापारियों ने बताया कि रात से बिजली गायब है, जिससे मशीनरी बंद रही और उत्पादन में नुकसान हुआ। कुछ दुकानों पर जनरेटर भी जवाब दे गए, जिसके चलते कई कारोबारियों ने सुबह की शटर बंद रखे।
SitapurCity.com की न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं !
उपखंड अधिकारी अचल मिश्र ने बताया कि दो खंभों की मरम्मत में समय लग रहा है, लेकिन टीम सुबह से लगातार काम पर जुटी है। बिजली विभाग ने संभावना जताई है कि देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने अपील की है कि कोहरे के दौरान भारी वाहन चालक अतिरिक्त सावधानी बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल जाती छात्रा ट्रेन से टकराई, लखनऊ रेफर







