Hindi News: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाला भारत–साउथ अफ्रीका चौथा टी-20 मुकाबला बुधवार शाम बिना खेले ही रद्द कर दिया गया। शहर में शुरू से ही छाए घने कोहरे ने विजिबिलिटी को इतना कम कर दिया कि अंपायर छह बार निरीक्षण करने के बाद भी मैच शुरू करने की स्थिति में नहीं थे। न टॉस हो पाया और न ही एक गेंद फेंकी जा सकी। हजारों दर्शक स्टेडियम में पहुंचे थे, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
निर्धारित समय बीतने के बाद अंपायरों ने साफ कर दिया कि मैदान पर दृश्यता बेहद खराब है और खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मैच नहीं हो सकता। मैच रद्द होते ही निराश दर्शकों ने टिकट की वापसी की मांग शुरू कर दी। उनमें से कई युवा ऐसे थे जिन्होंने महीनों तक पॉकेट मनी बचाकर टिकट खरीदे थे। एक दर्शक ने बताया कि उसने तीन बोरे गेहूं बेचकर टिकट खरीदी थी, जबकि एक फैन नेपाल से सिर्फ मैच देखने लखनऊ पहुंचा था।
BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि इंटरनेशनल मुकाबलों का पूरा इंश्योरेंस कराया जाता है। नियम के अनुसार मैच में यदि एक भी गेंद फेंकी जाती, तो पैसा वापस नहीं मिलता। चूंकि लखनऊ में टॉस भी नहीं हुआ, इसलिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन इंश्योरेंस कंपनी के पास क्लेम दायर करेगा। क्लेम प्रक्रिया पूरी होने में करीब 7–10 दिन का समय लग सकता है। टिकट ऑनलाइन खरीदे गए थे, इसलिए दर्शकों की जानकारी पहले से दर्ज है और मंजूरी मिलते ही रकम सीधे बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
इकाना में टिकट दरें 500 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक थीं। हॉस्पिटैलिटी टिकट में बुफे डिनर की सुविधा भी शामिल थी, जबकि वीआईपी लाउंज के टिकट सबसे महंगे थे। मैच रद्द होने से व्यापारिक नुकसान और दर्शकों की भावनाएं दोनों प्रभावित हुए, लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि दर्शकों का पैसा सुरक्षित है।
SitapurCity.com की न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं !
5 मैचों की टी-20 सीरीज में टीम इंडिया 2–1 की बढ़त बनाए हुए है और अब अंतिम मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। दो साल पहले धर्मशाला में भी कोहरे के कारण भारत–न्यूजीलैंड का मुकाबला थोड़ी देर रुका था, हालांकि वह मैच पूरा हो सका था। इस बार लखनऊ में कोहरे ने पूरे आयोजन पर ही ब्रेक लगा दिया।
यह भी पढ़ें: जम्मू–कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार IPL में पहुंचे, दिल्ली ने 8.40 करोड़ में खरीदा







