Hindi News: इंडिगो एयरलाइंस में लगातार तीसरे दिन जारी अव्यवस्था ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शनिवार को भी मुंबई, लखनऊ, दिल्ली और अन्य शहरों की कई उड़ानें बिना पूर्व सूचना के रद्द कर दी गईं, जिसके चलते देशभर के एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
अहमदाबाद एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में साफ दिखा कि कई यात्री भावनात्मक रूप से टूट गए और कतार में खड़े-खड़े रोने लगे। वहीं, कई यात्रियों को घंटों खड़े रहने के बाद भी बैठने की जगह तक नहीं मिली।
चार दिन से जारी इस अव्यवस्था के चलते हजारों लोग अपनी यात्रा योजनाओं में फंस गए हैं। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक युवती तब रो पड़ी जब उसे बताया गया कि उसकी उड़ान एक बार फिर रद्द कर दी गई है।
यात्रियों ने शिकायत की कि इंडिगो स्टाफ की ओर से उड़ानों की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। कई लोग सुबह से लाइन में खड़े रहे, लेकिन ऐप पर “ऑन टाइम” दिख रही फ्लाइट काउंटर पर जाकर कैंसिल बताई गई।
दिल्ली, चेन्नई और मुंबई के यात्रियों ने भी यही समस्याएं बताईं। दिल्ली से कोलकाता जाने वाले यात्री का रूट अचानक बदल दिया गया, जिससे वे बेहद परेशान नजर आए। चेन्नई से वीज़ा इंटरव्यू के लिए जा रहे दो यात्रियों ने कहा कि उन्हें न तो वैकल्पिक फ्लाइट दी गई और न ही कोई उचित मार्गदर्शन मिला। एक न्यूरो मरीज तो कतार में खड़ा-खड़ा बीमार पड़ गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
SitapurCity.com की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं !
कई विदेशी यात्रियों ने भी नाराजगी जाहिर की है। काकीनाडा जाने वाले एक विदेशी नागरिक ने बताया कि उनकी फ्लाइट बिना किसी कारण बताए कैंसिल कर दी गई और उन्हें सिर्फ “इंतजार करने” को कहा गया। वहीं एयरलाइन की तरफ से अभी तक भारी मात्रा में कैंसिलेशन पर स्पष्ट बयान नहीं आया है। बढ़ती शिकायतों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद यात्रियों की मांग है कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य कराए।
यह भी पढ़ें: नोएडा में ACP की भाषाई दक्षता ने बचाई दो जिंदगियां, 6 घंटे में परिवार से मिलवाया







