Sitapur Ki News: सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध रोकथाम की दिशा में एक विशेष और सराहनीय पहल की है। सोमवार को थाना परिसर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुल 51 हिस्ट्रीशीटरों को बुलाकर कानून की पाठशाला चलाई गई। इस बैठक का उद्देश्य अपराध की राह पर चल रहे युवाओं को सुधार की ओर प्रेरित करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने इस दौरान हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून का पालन करना ही सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का रास्ता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अपराध की राह नहीं छोड़ता है, तो पुलिस सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी। लेकिन अगर कोई सुधार चाहता है, तो उसकी मदद के लिए पुलिस हमेशा तैयार है।
बैठक के दौरान सभी हिस्ट्रीशीटरों ने थाना प्रभारी के सामने अपराध मुक्त जीवन जीने की शपथ ली। कई लोगों ने बताया कि अब वे अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपराध से दूरी बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आम नागरिकों की तरह ईमानदारी और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करेंगे।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
थाना प्रभारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल चेतावनी देना नहीं है, बल्कि अपराधियों को सुधार का मौका देना भी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज में सभी लोग शांतिपूर्ण जीवन अपनाते हैं, तो पुलिस-जन सहयोग भी मजबूत होगा और सामाजिक समरसता कायम रहेगी। पुलिस का यह प्रयास समाज सुधार के दृष्टिकोण से एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में पछुआ हवा से तापमान में गिरावट, ठंड और तेज होने का अनुमान







