Sitapur Ki News: सीतापुर जिले के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब जिले के सभी 22 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर लिवर, किडनी और अन्य 40 महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह से मुफ्त में कराई जा सकेंगी।
पहले मरीजों को इन जांचों के लिए निजी लैब में तीन से चार हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब यह सुविधा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगी। कई सीएचसी में तैयारी पूरी हो चुकी है और महमूदाबाद सीएचसी में यह सेवा शुरू भी कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शासन ने एक कंपनी के साथ अनुबंध किया है जिसके तहत सेलेक्ट्रा मशीन और एक साल का एडवांस रिजेंट सभी सीएचसी में उपलब्ध करा दिया गया है। यह मशीन एक साथ 45 सैंपल प्रोसेस कर सकती है और 30 मिनट के अंदर रिपोर्ट दे देती है। यदि मशीन खराब होती है तो 72 घंटे के अंदर इसे सही किया जाएगा। साथ ही एक प्रशिक्षित कर्मचारी भी हर केंद्र पर तैनात रहेगा।
रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा। जांच के बाद आधे घंटे में रिपोर्ट ऑनलाइन या ऑफलाइन मिल सकेगी, जिससे उसी दिन मरीजों को इलाज भी दिया जाएगा। इससे ग्रामीण मरीजों को न सिर्फ आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि निजी सेंटरों के चक्कर से भी छुटकारा मिलेगा।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष ने बताया कि पहले लिवर की जांच लगभग 700 रुपये और किडनी की जांच करीब 1000 रुपये में होती थी। इंफेक्शन व ब्लड टेस्ट की लागत भी काफी ज्यादा होती थी। अब यह सारी जांचें मुफ्त होने से मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिलना संभव होगा। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे निजी जांच केंद्रों पर पैसा खर्च करने के बजाय सीधे सरकारी अस्पताल में विश्वसनीय जांच कराएं।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण में युवाओं की बड़ी भूमिका







