Sitapur News: सीतापुर में बढ़ती ठंड के बीच सीतापुर जिला प्रशासन ने राहत कार्यों की तैयारी तेज कर दी है। गरीब व जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन ने साढ़े तीन लाख रुपये से अलाव जलाने और 35 लाख रुपये के कंबल खरीदने की योजना मंजूर की है। शासन से राहत एवं बचाव के लिए कुल 38 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। यह राशि आपदा प्रबंधन के तहत स्वीकृत हुई है, ताकि आमजन को ठंड के प्रभाव से बचाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, तहसीलों को 50-50 हजार रुपये पहले ही जारी कर दिए गए हैं। इन रुपयों से ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों से अलाव स्थलों की सूची मांगी है ताकि ठंड बढ़ने से पहले ही व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। पिछले वर्ष करीब 250 स्थानों पर अलाव जलवाए गए थे और लगभग 29 हजार कंबल वितरित किए गए थे। इस बार तैयारी और तेजी से की जा रही है।
इसके अलावा 35 लाख रुपये की धनराशि से कंबल खरीदे जाएंगे। यह कंबल जिला मुख्यालय पर निर्धारित स्थल पर रखे जाएंगे, जहां से उन्हें तहसीलों को भेजा जाएगा। प्रशासन का दावा है कि जरूरतमंदों को इस बार लंबे इंतजार का सामना नहीं करना पड़ेगा। निर्धारित फर्म से कंबलों की खरीदारी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी वितरण कार्यों की निगरानी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि कंबल व अलाव के लिए आवश्यक बजट मिल चुका है और अगले माह से वितरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अलाव स्थलों की सूची जारी करने के बाद अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति पहचान पत्र के साथ संबंधित तहसील कार्यालय में संपर्क कर सकता है।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार कड़ाके की ठंड में आमजन को राहत मिलेगी। सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन की पहल की सराहना की है और जरूरत पड़ने पर सहयोग का आश्वासन दिया है। अब नजर इस बात पर है कि क्या यह राहत योजना समय पर पूरी तरह से लागू होती है या नहीं।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में 18 घंटे लापता रहने के बाद किशोरी का शव खेत में मिला







