Sitapur News: सीतापुर में डीजल चोरी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने सात अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। कमलापुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच / एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में 1200 लीटर अवैध डीजल, दो मॉडिफाइड डीसीएम वाहन, अवैध तमंचे और कई उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी से यह साफ हुआ है कि गिरोह लंबे समय से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से मशीन लगाकर डीजल चोरी कर रहा था।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अनवर, इरफान, शराफ उर्फ भूरा, जाहिर, तसलीम, मुकर्रम तथा महोली निवासी अरविंद इस गिरोह का हिस्सा थे। पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर कमलापुर में कुर्सिनपुरवा तिराहे और सीतापुर रोड पर कोठी ढाबा के पास से छापा मारकर चोरों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि चोरी किया गया डीजल महोली क्षेत्र में अरविंद की दुकान के जरिए बेचा जाता था।
डीसीएम वाहनों को चोरी के लिए खास तरीके से मॉडिफाई किया गया था। उनमें अतिरिक्त टैंक, छोटे दरवाजे और इंजन से कटिंग की गई थी ताकि डीजल अधिक मात्रा में संग्रहीत किया जा सके। पुलिस ने तीन अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेटें और डीजल निकालने वाली मशीनरी भी जब्त की है। अपराधियों ने जियो पेट्रोल पंप मानपारा के पास 200 लीटर डीजल चोरी करने की घटना को भी स्वीकार किया।
Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम को इस सफल कार्रवाई पर 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। वहीं, सीज किए गए डीसीएम वाहनों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गैंग के अन्य सदस्य किन जिलों में सक्रिय रहे हैं और चोरी किया गया डीजल कहां-कहां सप्लाई किया जाता था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर गश्त और सतर्कता बढ़ाई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में ठंड से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय, 35 लाख के कंबल होंगे वितरित







