Sitapur Ki News: सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र में अवैध पशु कटान को लेकर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जोगीटोला इलाके में पड़वा काटे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर के अंदर कटान जारी था। पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल खालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी छत के रास्ते से फरार हो गए। पुलिस ने करीब 60 किलो मांस, धारदार औजार और कटान का सामान बरामद किया है।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई कोहना चौकी प्रभारी यज्ञपाल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद की गई। जब पुलिस घर पहुंची तो दरवाजा बंद था, लेकिन अंदर से कटान की आवाजें आ रही थीं। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छापेमारी की और आरोपी को हिरासत में लिया। बरामद मांस का सैंपल परीक्षण के लिए भेजा गया, जबकि अन्य मांस को दफन कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा बीएनएस 111 के तहत दर्ज किया गया है। संगठित अपराध से जुड़ी इस धारा के तहत सीतापुर में दर्ज होने वाला यह पहला मामला है। बीएनएस 111 उन अपराधों पर लागू होती है, जो गिरोह या समूह द्वारा सुनियोजित तरीके से किए जाते हैं। अवैध पशु कटान, तस्करी और वसूली जैसे मामलों पर इसमें कड़ी सजा का प्रावधान है।
छापेमारी के दौरान पास की लाइसेंसधारी दुकानों की भी जांच की गई। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि पुराने सीतापुर में काफी समय से ऐसे अवैध कटान किए जा रहे थे और यह एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही अमर उजाला ने पशु कटान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। बाद में मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा था। तब पुलिस ने कार्रवाई करके इन गतिविधियों पर रोक लगाई थी, लेकिन नए मामले ने फिर से शहर में अवैध कटान नेटवर्क की सक्रियता को उजागर कर दिया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में जनकल्याण योजना के नाम पर 30 लाख की ठगी, दर्ज हुई एफआईआर







