Sitapur News: सीतापुर में पानी की छींट से शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंचा

water dispute firing incident sitapur
5/5 - (1 vote)

Sitapur News: सीतापुर में हरगांव थाना क्षेत्र के खेदापुर गांव में रविवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में सिंचाई के दौरान पानी की छींट पड़ने पर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट और फायरिंग में बदल गई। फायरिंग के दौरान गांव निवासी मंजरी वाजपेयी अपने बच्चे के साथ दुकान पर खरीदारी कर रही थीं। इस बीच अचानक हुई गोली चलने से एक गोली उनके दाहिने पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ीं।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली नाजुक हिस्से के पास लगी है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही संभव होगी। घायल महिला फिलहाल उपचाराधीन है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पियन सिंह और उनका पुत्र सौरभ खेत में सिंचाई कर रहे थे। तभी शुभम नामक युवक बाइक से वहां से गुजर रहा था, जिससे पानी की छींटें सौरभ के मुंह पर पड़ गईं। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद विवाद ने और गंभीर रूप धारण कर लिया और एक युवक ने फायरिंग कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। थानाध्यक्ष बलवंत शाही ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते विवाद को रोका जाता, तो फायरिंग तक बात नहीं पहुंचती। पुलिस प्रशासन से मांग की जा रही है कि संबंधित व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें: सीतापुर में प्रेमिका की गोद भराई दूसरे से होने पर प्रेमी ने खाया जहर

Share this post!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!