Sitapur News: सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ी वारदात सामने आई, जहां नेशनल हाईवे पर खड़ी डीसीएम के चालक से बदमाशों ने लूटपाट कर दी। कश्मीर से सेब लादकर लौट रहे चालक श्याम सुंदर गुप्ता और परिचालक को बाइक सवार चार बदमाशों ने डंडों से पीटकर घायल कर दिया। बदमाशों ने डीसीएम के शीशे तोड़कर अंदर घुसते ही हमला किया और 32 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और दो अंगूठियां लूट लीं।
पीड़ितों के अनुसार रात करीब चार बजे डीसीएम का अगला टायर अचानक पंक्चर हो गया, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। कुछ देर आराम करने के इरादे से चालक और परिचालक सो गए थे कि तभी चार हमलावर बाइक से पहुंचे। दोनों तरफ के गेट के शीशे तोड़कर वे अंदर घुसे और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, लेकिन तब तक बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
सूचना मिलने के बाद यूपी 112 की टीम और अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी दक्षिणी और सीओ सिधौली ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। सीओ कपूर कुमार ने बताया कि डीसीएम चालक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर रात के समय गश्त बेहद कम रहती है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदात करते हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों में डर का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और रात में हाईवे पर गश्त बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में SIR के बहाने साइबर ठगों की ठगी बढ़ी, OTP मांगकर उड़ा रहे रुपये







