Sitapur News: सीतापुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय व्यक्ति की मौत, सुनने में थी दिक्कत

man dies after being hit by train in sitapur
5/5 - (1 vote)

Sitapur News: सीतापुर के थाना खैराबाद क्षेत्र के अढ़ावल गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मजदूरी के लिए घर से निकले 40 वर्षीय अशोक की रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसका शव दो हिस्सों में मिला। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार अशोक को कान से सुनने में दिक्कत थी। वह तेज आवाज में भी अक्सर प्रतिक्रिया नहीं दे पाता था। सुबह के समय ठंड होने के कारण उसने अपने कानों को अंगौछे से ढक रखा था, जिससे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी और यह हादसा हो गया। रोज की तरह मजदूरी पर निकले अशोक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

ग्रामीणों ने बताया कि अशोक परिवार का मुख्य सहारा था और मजदूरी कर ही घर चलाता था। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

यह भी पढ़ें: सीतापुर के दृष्टिबाधित छात्र ने लगाई फांसी, लखनऊ के इंटर कॉलेज की घटना

Share this post!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!