Sitapur Ki News: सीतापुर में प्रमुख चौराहों से हटेगा अतिक्रमण, ट्रैफिक के लिए सर्वे टीम गठित

illegal encroachment removal in sitapur
5/5 - (2 votes)

Sitapur Ki News: सीतापुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। शहर के व्यस्त और प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने इसके लिए चार सदस्यीय सर्वे टीम गठित की है, जो पांच दिन के भीतर शहर का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इस सर्वे में प्रमुख चौराहों की स्थिति, अवैध कब्जों की मौजूदगी और यातायात बाधित करने वाले स्थानों की पहचान की जाएगी।

जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति में उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी शामिल हैं। यह टीम शहर के महत्वपूर्ण चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए स्थान चिह्नित करेगी। साथ ही टैक्सी स्टैंड और वेंडिंग जोन बनाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि व्यवस्थित योजना से ही शहर को सुंदर और यातायात मुक्त बनाया जा सकेगा।

शहर में इन दिनों अस्थायी डिवाइडर लगाकर ट्रैफिक नियंत्रण की कोशिश की जा रही है, जिससे कुछ हद तक राहत भी मिली है। लालबाग चौराहे से अग्रसेन पार्क मार्ग, जेल रोड और ट्रांसपोर्ट चौराहे जैसे भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा कोन और बैरिकेड लगाकर वाहन चालकों की दिशा तय की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर इन अस्थायी डिवाइडरों को हटाया भी जा सकता है। यातायात निरीक्षक फरीद अहमद के अनुसार ये उपाय जाम की समस्या कम करने में कारगर साबित हो रहे हैं।

WhatsApp चैनल फ़ॉलो करें

Sitapur की ताज़ा न्यूज़ अपडेट्स तुरंत अपने WhatsApp पर पाएं!

यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब सख्ती भी शुरू हो गई है। जिले में स्पीड गन से निगरानी की जा रही है और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर लगातार चालान काटे जा रहे हैं। पिछले 15 दिनों में 359 चालान जारी किए जा चुके हैं और करीब आठ लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अब हर स्तर पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद होगी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।

यह भी पढ़ें: सीतापुर में मिश्रिख मंडी में धान की तौल बंद, इंतजार कर रहे किसान परेशान

Share this post!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!