प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को वर्चुअल माध्यम से लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद सीतापुर रेलवे स्टेशन पर इस आधुनिक ट्रेन का शानदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सुबह करीब निर्धारित समय पर जब वंदे भारत ट्रेन सीतापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, तो पूरा परिसर तालियों, नारों और “जय भारत” की गूंज से भर उठा। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु, एडीआरएम नीतू कुमारी, रेलवे अधिकारियों और भारी संख्या में मौजूद यात्रियों ने ट्रेन का पुष्पमालाओं के साथ स्वागत किया।
मंत्री राकेश राठौर गुरु ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह ट्रेन सीतापुर सहित कई जिलों के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात है और इससे तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसके बाद सीतापुर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सहारनपुर के लिए रवाना किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ से सहारनपुर तक लगभग 560 किलोमीटर की दूरी यह वंदे भारत ट्रेन केवल 7 घंटे में तय करेगी। ट्रेन में अत्याधुनिक तकनीक, उन्नत सुरक्षा फीचर्स, आरामदायक सीटें और उत्कृष्ट स्पीड कंट्रोल सिस्टम मौजूद हैं।
स्टेशन पर प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। कई यात्रियों ने पहली झलक देखकर इसे “ऐतिहासिक क्षण” करार दिया।
एडीआरएम नीतू कुमारी ने बताया कि यह ट्रेन फिलहाल ट्रायल रन पर चलाई जा रही है। नियमित संचालन और समय-सारिणी जारी करने पर निर्णय जल्द लिया जाएगा। उनके अनुसार, वंदे भारत सेवा शुरू होने से सीतापुर, बरेली, सहारनपुर और लखनऊ के यात्रियों के सफर में समय की बड़ी बचत होगी।
इस नई तेज गति वाली सेवा से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को सुविधाजनक यात्रा का आधुनिक अनुभव मिलेगा।
यह भी पढ़ें: सीतापुर में वंदे भारत पहली बार पहुंची, 68 यात्रियों ने किया सफर







