Sitapur Ki News: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिला की मौत, चालक फरार

sitapur tractor trolley accident
5/5 - (3 votes)

सीतापुर जिले के रामकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 68 वर्षीय महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बकरियां चराकर घर लौट रही थीं।

ग्रामीणों के मुताबिक, गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली सीधे सड़क किनारे चल रही महिला पर जा गिरी। हादसा इतना तेज था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना वजीरनगर–कुसैला मार्ग के सूरजकुंड पुलिया के पास शाम करीब 4:30 बजे हुई। हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद महिला को गन्ने के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही रामकोट थानाध्यक्ष सुरेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रॉली की रफ्तार अधिक थी और सड़क किनारा संकरा होने के कारण वाहन पलट गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: सीतापुर में कूड़ा फेंकने को लेकर हिंसक झड़प, 14 वर्षीय किशोरी की मौत

Share this post!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!