सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में मंगलवार सुबह कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों में लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हुई मारपीट में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने किशोरी चंद्रप्रभा को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों में से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी हरिहर की जमीन पर तारा द्वारा कूड़ा (घूर) फेंकने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और तारा, विजय बहादुर, जोगेंद्र, वित्तन, सतेंद्र, रामदयाल और एक महिला प्रीती ने लाठी-डंडों और बल्लम से हमला कर दिया।
हमले में हरिहर के परिवार के कई लोग घायल हुए, जिनमें 14 वर्षीय चंद्रप्रभा की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
पुलिस ने मृतक किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सभी आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: नैमिषारण्य में धीमी विकास गति पर डीएम सख्त, अफसरों को फटकार







